Madhya Pradesh के 28 जिलों में आंधी-बारिश और ओले, IMD ने जारी किया अलर्ट
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है और एक मजबूत सिस्टम सक्रिय होने की वजह से पिछले 72 घंटे से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है. बुधवार को भी राज्य के लगभग आधे हिस्से में मौसम में बदलाव देखने को मिला, जबकि गुरुवार को भोपाल और इंदौर समेत करीब 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. निमाड़ क्षेत्र के धार, बड़वानी और झाबुआ में ओले गिरने की संभावना जताई गई है.
अगले 24 घंटे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, बड़वानी, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास और शाजापुर में आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है. कुछ जिलों में तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि बाकी इलाकों में यह गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है.
बुधवार को कैसा रहा मौसम
बुधवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ली थी. भोपाल में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई, जबकि सीहोर में आंधी और बारिश के साथ ओले गिरे. इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, देवास, खंडवा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, रायसेन, विदिशा, रतलाम, मंदसौर, खरगोन, बड़वानी, शहडोल, शाजापुर और बालाघाट सहित कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम का यह सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है. 3 अप्रैल को बुरहानपुर और खंडवा में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का असर रहेगा. 4 अप्रैल को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है, वहीं 5 अप्रैल को भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
प्रदेश में गर्मी भी बरकरार
दिलचस्प बात यह है कि एक तरफ जहां प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी ओर गर्मी का असर भी कम नहीं हुआ है. बुधवार को नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा रतलाम में 39.2 डिग्री, मंडला में 39 डिग्री और खजुराहो में 38.6 डिग्री तापमान रहा. बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 38.4 डिग्री, भोपाल में 37.4 डिग्री, इंदौर में 36.5 डिग्री, ग्वालियर में 36.1 डिग्री और उज्जैन में 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम के दो अलग-अलग रंग एक साथ देखने को मिल रहे हैं.

राज्य में कृषि एवं जैव ईंधन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम
बदलाव की बयार : जहॉ था डर और प्यास वहाँ अब विकास: लखपाल बना नई उम्मीद की मिसाल
पॉलिटिकल ‘चुप्पी’ पर हरीश रावत का बड़ा बयान, सियासत में हलचल
ईरान-इजरायल संघर्ष और होर्मुज संकट के बीच, रूस से भारत को बड़ी राहत
नवजीवन की ओर बढ़ते कदम
